झलकियाँ

आगामी कार्यक्रम:

सोमवार, 30 नवंबर 2009

फिज़ोथैरेपी केन्द्र - स्थाई प्रकल्प

फिज़ोथैरेपी केन्द्र परिषद् शाखा का सेवा सूत्र का एक प्रमुख प्रकल्प है। प्रतिमाह इस सेवा का लाभ लेने वाले रोगियों की संख्या में वृद्धि हो रही है। श्री विजय गर्ग एवं श्री हुतेश सेठी के कुशल प्रबंधन में केन्द्र अब सेवा के नए आयाम छू रहा है। इस माह इस केन्द्र पर २०० के लगभग लोगों ने स्वास्थ्य लाभ लिया।

रविवार, 29 नवंबर 2009

गुरु तेगबहादुर बलिदान दिवस पर शाखा का प्रतिनिधित्व

प्रतिवर्ष की भांति भारत विकास परिषद् ने श्री गुरु तेगबहादुर जी का बलिदान दिवस बहुत ही श्रद्धा और प्रमुखता से आयोजित किया। इस बार भी इस अवसर पर गुरु जी के बलिदान और उनकी बाणी के महत्त्व पर एक भाषण प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रान्त स्तर पर इस कार्यक्रम की जिम्मेदारी मिली पेहोवा शाखा को।
घरौंडा शाखा ने हर प्रकल्प की भांति इस प्रकल्प में भी हिस्सा लिया और इस प्रकल्प में शाखा का प्रतिनिधित्व किया महर्षि इन्तेर्नैशल स्कूल ने। स्कूल और विद्यार्थियों ने इस कार्यक्रम को एक नया अनुभव बताया।

रविवार, 22 नवंबर 2009

ट्रेड फेयर के लिए सद्भावना यात्रा का आयोजन

शाखा ने एक सद्भावना यात्रा का आयोजन किया। दिल्ली व्यापार मेले के लिए गए इस टूर का आकर्षण यह रहा की सदस्यों के लिए यह यात्रा कुछ मौज मस्ती के साथ साथ ज्ञानवर्धक भी थी।
विश्वकर्मा चौक घरौंडा से प्रातः 8 बजे चली इस यात्रा में परिषद् परिवार से नरेन्द्र चावला, अजय सिंगला, मोहिंदर सोनी, राजेश जैन, सुरेन्द्र शर्मा, राजेश गर्ग, मुकेश अग्रवाल, योगेन्द्र अग्रवाल, राजेश गुप्ता, नरेन्द्र गुप्ता, राजेंद्र गोयल, विनोद गोयल, विकास सिंगला, हुतेश सेठी और नवीन गुलाटी ने अपनी उपस्थिति दर्ज करवाई।
सबसे पहले दिल्ली राजघाट पर जा कर सदस्यों ने राष्ट्रपिता महात्मा गाँधी को श्रद्धांजलि अर्पित की। फिर सब पहुंचे ट्रेड फेयर। वहां सब करीब 6 घंटे तक घूमे जिसमे सबने अपनी अपनी रुचि के अनुसार जानकारी ली। तत्पश्चात सब वापस चल दिए और मुरथल में रात का भोजन किया गया। फिर सब देर रात घर पहुंचे। रास्ते भर हँसी मजाक में पूरी यात्रा बेहद मनोरंजक बनी रही और विशेष आकर्षण रहे श्री मुकेश अग्रवाल जी द्वारा विशेष व्याख्यान।
एक सफल आयोजन और बेहतरीन प्रबंधन के लिए प्रकल्प प्रमुख श्री राजेश जैन और श्री सुरेन्द्र शर्मा निश्चित रूप से बधाई के पात्र हैं।

बुधवार, 18 नवंबर 2009

जीने की कला सीखी

अध्यात्मिक गुरु श्री श्री रविशंकर जी के आशीर्वाद से एक आर्ट ऑफ़ लिविंग का कैंप घरौंडा की अग्रवाल धर्मशाला में लगाया गया। इस कैंप के लिए भारत विकास परिषद् घरौंडा शाखा के सदस्यों के लिए विशेष निमंत्रण था। इस आध्यात्मिक आयोजन में परिषद् के बहुत से सदस्यों ने लाभ उठाया। इस कैंप का मुख्य उद्देश्य लोगों को एक साथ ले कर आना था। इस कैंप के लिए बंगलुरु से विशेष तौर पर एक साधक का आगमन हुआ जिन्हें गुरु जी ने विशेष शक्तियां प्रदान की हुई थी। उन्होंने सभी उपस्थित सांगत को आशीर्वाद दिया।
यहाँ पर नरेन्द्र चावला, राजेश जैन, राजेश गर्ग, मुकेश अग्रवाल, मोहिंदर सोनी सहित बहुत से सदस्य उपस्थित थे।

शनिवार, 14 नवंबर 2009

बाल दिवस का शानदार आयोजन

भारत के प्रथम प्रधानमन्त्री श्री जवाहरलाल नेहरू के जन्मदिवस को भारत में बाल दिवस के रूप में मनाया जाता है। इसी परम्परा को निभाते हुए भारत विकास परिषद् की घरौंडा शाखा ने इस दिन को परिषद् परिवार के बच्चों के लिए 'बाल धमाल' के रूप में आयोजित किया। इस में बच्चों ने अपने हुनर का शानदार प्रदर्शन किया। कम्युनिटी हाल में आयोजित किए गए इस कार्यक्रम में मुख्य अतिथि रहे श्री विनोद गोयल (प्रधान, अनाज मण्डी, करनाल ) एवं सम्माननीय अतिथि रहे सरदार श्री गुरशरण सिंह जी। कार्यक्रम में बच्चों ने विभिन्न प्रकार की प्रस्तुतियां देते हुए उपस्थित जनसमूह का मन मोह लिया। सभी उपस्थित गणमान्य व्यक्तियों विशेष तौर पर मुख्य अतिथि ने कार्यक्रम की भूरी भूरी प्रशंसा की। कार्यक्रम का आनंद लेने वालों में डॉक्टर एडविन आर्थर, डॉक्टर सुरेन्द्र गुप्ता, डॉक्टर कुनाल शर्मा, डॉक्टर डोली शर्मा, शिक्षाविद श्री एस पी त्रिवेदी, पार्षद रजनी चुघ, पार्षद श्रीमती गुप्ता, अग्रवाल युवा संगठन अध्यक्ष श्री विनोद जैन, जे से आयी से श्री अनिल गर्ग सहित परिषद् के सभी सदस्य परिवार सहित उपस्थित थे।

रविवार, 8 नवंबर 2009

प्रान्त स्तरीय समूहगान प्रतियोगिता में पहुंचे शाखाधिकारी

शाखा के पदाधिकारी कैथल में हुई प्रान्त स्तरीय समूहगान प्रतियोगिता में भाग लेने पहुंचे। इस प्रतियोगिता में अध्यक्ष नरेन्द्र चावला, सचिव अजय सिंगला और कार्यकारिणी सदस्य पवन सिंगला ने शिरकत की। इस प्रतियोगिता में घरौंडा शाखा से दोनों प्रतियोगितायों के लिए दल पहुंचें।